भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता को 6330, सपा को 6204, निर्दलीय आलोक मिश्रा को 5594, कांग्रेस के मोइन अहमद को 314 मिले वोट।
पलियाकलां-खीरी। पलिया नगर पालिका के उप चुनाव में समाजवादी पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी चेयरमैन स्व. केबी गुप्ता की पत्नी लक्ष्मी देवी गुप्ता भारी पड़ी और 126 वोटों से विजयी घोषित की गई। सपा के महमूद हुसैन खां को 6204 वोट मिले जबकि भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता को 6330 वोट मिले। इसके अलावा निर्दलीय आलोक मिश्रा को 5594, कांग्रेस के मोइन अहमद को 314 मिले वोट मिले। विजयी प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता को अधिकारियों ने प्रमाण पत्र सौंपा। विजयी प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता के विजयी जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भीड़ शामिल हुई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।
बता दें कि 17 दिसंबर को नगर पालिका के उप चुनाव का मतदान छुटपुट हंगामे के बीच शांति पूर्वक संपन्न हो गया था। उप चुनाव में 48.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के साथ सभी मतपेटियों को मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रख दिया गया था, जिसकी चौबीस घंटे सुरक्षा की जा रही थी। 19 दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू किया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई मतगणना करीब दोपहर दो बजे पूरी कर ली गई। एक से तीन राउंड में शुरूआती दौर में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लेकिन चौथा राउंड शुरू होते ही तीन नंबर पर चल रहे सपा के महमूद हुसैन खां के बढ़त बनानी शुरू की और वह दूसरे नंबर पर आ पहुंचे। सपा के दूसरे नंबर पर आते ही निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्रा तीसरे पायदान पर जा पहुंचे। पांचवें राउंड के बाद भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता को 6330, सपा को 6204, निर्दलीय आलोक मिश्रा को 5594, कांग्रेस के मोइन अहमद को 314, निर्दलीय अलीजान 224, कुन्ता अग्रवाल 89 व ज्ञान प्रकाश को मात्र 24 वोट ही मिल सके। 12 वोट नोटा को मिले। इस तरह से भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता सपा प्रत्याशी महमूद हुसैन खां से 126 वोटों से विजयी घोषित की गईं।
भाजपा के लिए गेम चेंजर साबित हुए कांग्रेस के मोइन अहमद जावेदी
सपा को 126 वोटों से बेशक भाजपा ने हरा कर जीत हासिल की। लेकिन भाजपा के लिए कांग्रेस के मोइन अहमद जावेदी गेम चेंजर साबित हुए और उन्होंने
314 मत हासिल करते हुए सपा को जीत से दूर करने का कार्य किया। अगर कांग्रेस के प्रत्याशी मोइन अहमद जावेदी का यह वोट सपा को मिल जाता तो कहीं न कहीं करीब 188 वोट से सपा जीत सकती थी। मोइन अहमद जावेदी ने अपने मतदाताओं का आभार जताया।
खीरी के पलियाकलां निकाय उपचुनाव का परिणाम, विजयश्री मिलने के बाद बीजेपी कैंडिडेट के छलके आंसू pic.twitter.com/7L8WxDzc3g
विजयी जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
भाजपा की लक्ष्मी देवी गुप्ता के जीत की घोषणा के बाद शहर में आतिशबाजी का दौर शुरू कर दिया गया। सैकड़ों की संख्या में भीड़ मंडी गेट पर आ पहुंची। विजयी प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता के बाहर आते ही उनके विजयी जुलूस में सैकड़ों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा जो जय श्री राम के जयकारे लगाते चल रहा था।
जीत के बाद मां-बेटा हुए भावुक, लोगों ने संभाला
भाजपा की प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता के जीत की घोषणा जैसे ही हुई वह और उनका बेटा वरुण गुप्ता अपने आप को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक उठे। आसपास मौजूद लोगों ने विजयी प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता और उनके बेटे वरुण गुप्ता को किसी तरह संभाला।
जीत के बाद भाजपाइयों में दिखा उत्साह
भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता के जीत की सूचना मिलते ही भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राम पांडेय, विनीत मनार, पलिया सहकारी गन्ना विकास समिति अध्यक्ष अभिषेक अवस्थी, अवधेश गुप्ता संचालन डीसीबी बैंक, मैलानी चेयरमैन कीर्ति महेश्वरी, नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष शशि शंकर शुक्ला, शैलेन्द्र सिंह, प्रदीप प्रधान, अमित महाजन, अनुराग गुप्ता, पवित्र प्रकाश गुप्ता, रोहित अग्रवाल, डा. रविन्द्र सिंह, राजीव चौरसिया, सिवराज राना, गिरवर अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री विनोद लोधी, प्रेम प्रकाश मौर्य, महावीर अग्रवाल व आरडी राय सहित बड़ी संख्या में भाजपाई पलिया आ पहुंचे और उन्हें जीत की बधाई दी।
प्रत्याशियों ने प्रशासन पर लगाए आरोप
भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी देवी गुप्ता की जीत के बाद पराजित हुए प्रत्याशियों ने प्रशासन पर धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पूरी निष्पक्षता के साथ मतगणना का कार्य नहीं कराया।
पलियाकलां से आनंद गुप्ता की रिपोर्ट