गोंडा: मनकापुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कस्बे के सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है। 4 दिन पहले आरोपी के खिलाफ मनकापुर पुलिस में पास्को एक्ट, छेड़छाड़ व जानमाल की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया था। तब से पुलिस आरोपी के तलाश में जुटी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मनकापुर पुलिस ने मनकापुर कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में रहने वाले मोहम्मद शमीम के लड़के शहजाद को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया है।
14 दिसंबर की रात हुई थी छेड़छाड़: दरअसल 14 दिसंबर की रात लगभग 11:00 बजे नाबालिग लड़की एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही थी, इसी दौरान कस्बे के सुभाष नगर मोहल्ले में स्थित मस्जिद वाली गली के मोड पर आरोपी ने छेड़छाड़ किया था।
पिता ने दर्ज कराया मुकदमा: आरोपी के चंगुल से बचकर नाबालिग लड़की घर पहुंची, तो रोते हुए अपने परिजनों से अपने साथ हुई दुस्साहसिक वारदात से अवगत कराया था। तब पिता ने आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र देते हुए पुलिस में गुहार लगाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
सब्जी मंडी के पीछे से गिरफ्तार: आरोपी के गिरफ्तारी के लिए मनकापुर पुलिस तत्पर थी लेकिन आरोपी बीते चार दिनों से लगातार पुलिस के पहुंच से दूर था। मुखबिर खास की सूचना पर महिला उपनिरीक्षक रुचि गौतम, कांस्टेबल गौरव बरनवाल, राज नारायण और दुर्गेश चौधरी ने मनकापुर सब्जी मंडी के पीछे स्थित मैदान से गिरफ्तार कर लिया।
बोले इंस्पेक्टर: इस बारे में मनकापुर कोतवाल मनोज कुमार पाठक ने कहा कि नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार करने वाले रवाना कर दिया गया है।
गोंडा से कृष्ण मोहन की रिपोर्ट