पलियाकलां-खीरी।भाजपा से प्रत्याशी रहीं चेयरमैन स्व. केबी गुप्ता की पत्नी लक्ष्मी देवी गुप्ता विजयी हुईं थीं। शनिवार को चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता पलिया निघासन रोड स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर पर पहुंची और माथा टेका। शहर में साफ सफाई की बेहतर व्यवस्था को लेकर नव निर्वाचित चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता और उनके बेटे वरुण गुप्ता ने शहर में चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
बता दें कि चेयरमैन केबी गुप्ता का धनतेरस की शाम को हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पलिया नगर पालिका अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। चेयरमैन केबी गुप्ता शहर की साफ सफाई के कार्य को लेकर खासा गम्भीर रहते थे और रोजाना सुबह उठकर कार्य का खुद निरीक्षण किया करते थे। चेयरमैन केबी गुप्ता के निधन के बाद हुए उप चुनाव में भाजपा ने उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया। चुनाव में लक्ष्मी देवी गुप्ता ने सपा प्रत्याशी महमूद हुसैन खां को 126 वोटों से पराजित करते हुए चेयरमैन चुनी गईं। नव निर्वाचित चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता और उनके बेटे वरुण गुप्ता अब अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते नजर आ रहे हैं। शनिवार की सुबह चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता अपने बेटे वरुण गुप्ता के साथ शहर की विभिन्न रोडों पर पहुंची और चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद वह पलिया निघासन रोड पर स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर पर पहुंची और माथा टेका। नव निर्वाचित चेयरमैन लक्ष्मी देवी गुप्ता ने बताया कि शहर के विकास को लेकर वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनके पति चेयरमैन स्व. केबी गुप्ता ने जो अधूरे कार्य छोड़े हैं उन्हें वह हर कीमत पर पूरा करेंगी।
खीरी के पलियाकलां से आनंद गुप्ता की रिपोर्ट