पंश्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
बेलसर (गोंडा)आजादी के बाद असंख्य भाषाओं, संस्कृतियों और अनन्य विविधताओं को एक माला में पिरो कर कांग्रेस ने भारत देश का निर्माण किया था। लेकिन, भारतीय जनता पार्टी बोली, भाषा, जाति धर्म में बांटकर अपनी मानसिकता उजागर कर रही है। उक्त बातें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह ने कही। वह, नगर पंचायत बेलसर के एक मैरिज लॉन में आयोजित संविधान बचाओ, अधिकार बचाओ विषयक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम नागरिक को संविधान से मिले अधिकारों पर पाबंदी लगा देना ही भाजपा उद्देश्य बन गया है। युवाओं को नौकरी नहीं, किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं, व्यापारी वर्ग को सुविधाएं नहीं, नौकरी पेशा लोगों को पेंशन नहीं लेकिन भाजपा मौज में है हिन्दू मुस्लिम करके। आलम यह है कि अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को सिर्फ लाठियां मिल रही हैं। कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सगीर खान, युवक कांग्रेस के अभिषेक तिवारी नीरज, निशांत सिंह विशेन, अवधेश दुबे ने सम्मेलन को संबोधित किया। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य केटी तिवारी व संचालन वरिष्ठ नेता वासुदेव शुक्ल ने किया। इस दौरान त्वरिता सिंह, अर्जुन सिंह, अमृतचंद मिश्र, सादाब खान, प्रशांत सिंह, राम सिंह, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, कौशल किशोर सिंह, संतोष सिंह, श्यामू शुक्ल, अभिषेक पांडेय समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।