पंश्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा) थाना क्षेत्र के नवाबगंज गिर्द गांव के अगमपुर मजरा निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के ही युवक पर षड्यंत्र रचकर मार देने का आरोप लगाया है।
नवाबगंज गिर्द गांव के अगमपुर मजरे का रहने वाला सोनू चौहान (25) पुत्र जगप्रसाद मेहनत मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह गांव के ही अपने साथी राजाराम पुत्र बृजलाल के साथ मजदूरी करने गया। घर वापस आने के बाद शुक्रवार की शाम करीब 06 बजे उसका साथी राजाराम उसके घर आया और वजीरगंज थाना क्षेत्र के कोड़र गांव में अपनी रिश्तेदारी में चलने के लिए बोला जिसके बाद राजाराम की बाइक से दोनो लोग वजीरगंज के कोड़र के लिए निकल लिए। सोनू ने अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था। बाइक सोनू चला रहा था। रास्ते में चंदापुर के पास वह एक छुट्टा मवेशी से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के साढू मनोज चौहान ने बताया कि 07:27 पर उसे सूचना मिली की सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई है।थाना अध्यक्ष वजीरगंज अभय सिंह ने बताया कि छुट्टा सांड से टकराने से युवक की मौत हो गई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इनसेट :- मृतक के पिता जगप्रसाद भी मेहनत मजदूरी करते हैं। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के दो बहने भी हैं। सबसे बड़ा भाई श्याम बाबू विवाहित है और दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। उसे छोटा नानबाबू मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अविवाहित है। मृतक का विवाह जनपद के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सौनौली गांव के निश्चिंत पुरवा निवासी टिंकी से हुआ था। मृतक के एक 02 वर्षीय पुत्री महिमा है। मृतक की बड़ी बहन सीमा का विवाह हो चुका है और छोटी बहन मनीषा का विवाह आगामी 05 जून को तय है। युवक की आकस्मिक मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मां जगपता और पत्नी रोते-रोते बेहाल हैं।
![]() |
रोते बिलखते परिजन,इनसेट फाइल फोटो मृतक |
माँ ने साथी युवक पर लगाये आरोप :- मृतक की मां जगपता ने मृतक के साथ बाइक पर सवार गांव के राजाराम पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सोनू को जबरन बुला ले गया था। मृतक की मां का आरोप है कि राजाराम ने ही उनके बेटे को शराब पिला कर ऐसी घटना को अंजाम दिया है।