लगातार हुए फाल्ट से लोगों की नींद हुई हराम।
रात तीन बजे दर्जनों शहरवासियों के साथ फाल्ट स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेता बलराम गुप्ता और मोइन अहमद जावेदी, फिर सुचारु हो सकी व्यवस्था।
पलिया कांग्रेस नेता मोइन अहमद जावेदी ने पहुंचकर फाल्ट के कार्य में सहयोग किया।
आनंद गुप्ता
पलियाकलां-खीरी। पलिया शहर में गुरुवार को विद्युत व्यवस्था पटरी से उतर गई। लगातार हो रहे फाल्ट के चलते लोगों को पूरी रात भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। फाल्ट की समस्या पर रात करीब तीन बजे कांग्रेस नेता मोइन अहमद जावेदी दर्जनों शहरवासियों के साथ फाल्ट स्थल पर पहुंचे और सहयोग कर व्यवस्था को सुचारू करने में सहयोग किया, तब जाकर विद्युत व्यवस्था सुचारू हो सकी।
बुधवार की देर रात से शहर की विद्युत सप्लाई बंगू हो गई। गुरुवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। गुरुवार की रात अचानक एक एक कर कई फाल्ट होने से भीषण गर्मी के चलते लोग सही से सो नहीं सके। कभी तारों में आग लग रही थी तो कभी तार टूट रहे थे। इतना ही नहीं कर्मचारियों के प्रयास के बावजूद ट्रांसफार्मर में आ रही दिक्कत के चलते आधी से अधिक रात लोगों को जाग कर गुजारनी पड़ी। लगातार हो रहे फाल्ट की समस्या को देखते हुए कांग्रेस नेता बलराम गुप्ता और मोइन अहमद जावेदी दर्जनों शहरवासियों के साथ फाल्ट स्थल पर पहुंचे और फिर करीब चार बजे विद्युत व्यवस्था सुचारू हो सकी। विद्युत विभाग के मुताबिक ओवरलोडिंग के चलते फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। बताया कि व्यवस्था में सुधार कराया जा रहा है। कांग्रेस नेता बलराम गुप्ता ने कहा कि विभाग जल्द व्यवस्था को दुरुस्त करे अन्यथा वह शहरवासियों के साथ घेराव करने पर विवश होंगे।