पलियाकला (खीरी )जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में कुटुंब प्रबोधन पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त संघ चालक स्वर्ण सिंह ने कहा कि परिवार की एकता व राष्ट्रप्रेम समृद्ध भारत का आधार है।संस्कार युक्त परिवार भारतीय संस्कृति के अमूल्य धरोहर है। भारत की गौरवशाली सभ्यता परिवार के वैचारिक समन्वय से ही पुष्ट होती है। परिवार के भारतीय अध्यात्म से अभिसिंचित होने पर ही अपना देश परम् वैभव पर पहुंच सकता है।मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ सीतापुर के विभाग सम्पर्क प्रमुख नीरज सिंह ने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को भारतीय आदर्शो व मूल्यों को आत्मसात करना होगा। आज पश्चामी सभ्यता के प्रभाव से परिवार टूट रहे है, भारत में वृद्ध आश्रम का बनना बड़ी चिंता का विषय है। आज हम पृथ्वी के जीवित भगवान माता पिता की अवहेलना कर रहे है, यह उचित नहीं है। माता पिता की दुआएं जीवन की दशा व दिशा बदलने में सक्षम है। इसलिए हम सभी को माता पिता का सम्मान करना चाहिए।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से प्राचीन भारतीय पारिवारिक संस्कृति को समुन्नत करने के लिए सतत प्रयास कर रहा है। जिला सम्पर्क प्रमुख कृष्ण अवतार भाटी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने किया। इस अवसर पर निरंजन लाल अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, अनूप मिश्रा, अनिल जलालावादी, डीके श्रीवास्तव, गगन मिश्रा, अंकुर गोयल, शशि शंकर शुक्ला, हरजीओ सिंह, सरदार राजपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, कपिलमुनि सिंह, अभिषेक शुक्ला, सभासद पवित्र प्रकाश गुप्ता सहित नगर के तमाम गणमान्य लोगो की सार्थक उपस्थिति रही।
पलियाकला से आनंद गुप्ता की रिपोर्ट