छठ पूजा के त्यौहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। छठ पूजा में शामिल होने जा रहे तीन किशोर सड़क हादसे के शिकार हो गए। जिसमें एक 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही छठ पूजा कर रहे परिवार में कोहराम मच गया, पुत्र के लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले व्रत छठ पूजा की खुशियां चीख पुकार में तब्दील हो गई।
मामला गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मसकनवा बभनान मार्ग से जुड़ा हुआ है। मसकनवा पेट्रोल पंप के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली के चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही छठ पूजा में खलल पड़ गया।
पूजा में शामिल होने जा रहे थे किशोर: प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार के सुबह लगभग 5:00 बजे छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मसकनवा कस्बे के रानी जोत रहने वाले गणेश कौशल का 17 वर्षीय लड़का बिंद्रा प्रसाद कौशल अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर 15 वर्षीय शिवाजी गुप्ता पुत्र श्याम बाबू गुप्ता और 17 वर्षीय विशिष्ट गुप्ता पुत्र वासुदेव गुप्ता को लेकर स्वामी नारायण छपिया मंदिर में मनाए जा रहे छठ पूजा में शामिल होने जा रहा था।
एक की मौत, दो गंभीर: बाइक सवार मसकनवा बभनान मार्ग स्थित भवाजीतपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, इसी दौरान सामने से मिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गए। दुर्घटना होते ही शिवाजी गुप्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं गणेश और विशिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज रेफर: स्थानीय लोगों ने छपिया पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए अयोध्या जिले के दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां विशिष्ट की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
शोक में बदल गई छठ पूजा की खुशियां: दुखद घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों ही नहीं बल्कि क्षेत्र के सभी छठ व्रतियों में व्रत का उल्लास शोक में तब्दील नजर आया। लोगों में पूजा से संबंधित रहने वाला उत्साह औपचारिकता बनकर रह गया।
बोले इंस्पेक्टर: दुर्घटना के बाबत छपिया थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया है, घायल हुए दोनों किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर कार्यवाही की जा रही है।
कृष्ण मोहन की रिपोर्ट