कृष्ण मोहन
गोंडा, 22 मार्च – कृषक विज्ञान केंद्र (केवीके) मनकापुर में विश्व जल दिवस के अवसर पर पानी संस्थान द्वारा जल संरक्षण पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार सिंह उद्यान वैज्ञानिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने जल के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने जल संकट के बढ़ते प्रभावों और जल संरक्षण के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग कर ही हम भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल आपूर्ति सुनिश्चित कर सकते हैं। डॉ. दिनेश कुमार पांडेय ने जल प्रबंधन के आधुनिक तकनीकों और कृषि क्षेत्र में जल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे पानी की बचत के साथ फसल उत्पादन में भी वृद्धि होती है।
इस अवसर पर राजेश कुमार वर्मा प्रगतिशील कृषक ने भी जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और किसानों को जल बचत के प्रति जागरूक किया। पानी संस्थान के जनपद मुख्यालय से रचित गुप्ता, मनकापुर ब्लॉक से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आदित्य कुमार तथा एसोसिएट ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रभात मिश्र, एफसी कार्यकर्ता रीना कुमारी, अनुविंद सिंह और शिवांगी मिश्रा, 26 सीआरपी बहनें उपस्थित रही। मंच का संचालन कर रही सीआरपी बहन ज्योति मौर्य और अर्चना देवी ने सभी किसानों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल बचाने की शपथ ली और जल संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इसके साथ ही, डीएसआर तकनीक के माध्यम से जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रगतिशील महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में कृषकों, महिला कृषकों एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।