गोंडा के वजीरगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने रात के अंधेरे में एक घर के बरामदे से 3 क्विंटल सरसों चोरी कर ली। चार बोरे सरसों गायब होने से इलाके में हड़कंप। पुलिस जांच में जुटी है।
गोंडा में 'सरसों गैंग' का कहर: रातोंरात उड़ाए 3 क्विंटल अनाज, पुलिस को चकराया
कृष्ण मोहन
गोंडा: जिले के वजीरगंज क्षेत्र में चोरों ने एक बेहद अनोखी और सुनियोजित वारदात को अंजाम देते हुए एक आम किसान की मेहनत पर ही हाथ साफ कर दिया। कस्बा बालेश्वरगंज में चोरों ने एक घर के बरामदे में रखे चार बोरे सरसों (करीब 3 क्विंटल) को रातों-रात गायब कर दिया, और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं लगी।
सुबह देखा तो उड़ गए होश
पीड़ित वेद प्रकाश भारती ने बताया कि उन्होंने अपने घर के बरामदे में सरसों के चार भरे हुए बोरे रखे थे। सुबह जब नींद खुली और घर का दरवाज़ा खोला, तो बरामदे से सरसों के बोरे गायब थे। पहले तो उन्हें अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब इधर-उधर देखा और आस-पास पता किया, तो साफ हो गया कि चोर बड़ी चालाकी से अपनी योजना को अंजाम देकर निकल चुके हैं।
थाने पहुंची शिकायत, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही वेद प्रकाश भारती ने तत्काल वजीरगंज थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
चोरी सिर्फ गहनों की नहीं होती, अब टारगेट पर अनाज
यह मामला बताता है कि अब चोरों का निशाना सिर्फ नकदी या गहने नहीं, बल्कि मेहनत से उपजाया गया अनाज भी है। सरसों जैसे आम खाद्य पदार्थ की चोरी भी अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
जल्द खुलासा संभव
पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा और किसान को न्याय दिलाया जाएगा। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा गर्म है और लोग हैरान हैं कि अब चोरों के निशाने पर किसान की फसल भी आ चुकी है।