नागेंद्र प्रताप शुक्ला
बिजुआ खीरी। लखीमपुर के बिजुआ क्षेत्र स्थित पड़रिया तुला बालाजी पावन धाम से आज हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 7 बजे से शुरू होगी।
शोभायात्रा बालाजी पावन धाम से चौसन्दे बाबा स्थान तक जाएगी। रास्ते में डीएस मोटर्स की ओर से शीतल जल की व्यवस्था की गई है। पीके इंटर कॉलेज के प्रबंधक भक्तों पर पुष्पवर्षा करेंगे। चौसन्दे बाबा स्थान पर सुंदरकांड का पाठ होगा। इसके बाद भक्तों को भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा। शोभायात्रा फिर वापस बालाजी पावन धाम लौटेगी।
भीरा थानाध्यक्ष सुनील मलिक और पड़रिया तुला चौकी इंचार्ज उमराव सिंह ने क्षेत्र का दौरा किया है। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा को सफल बनाएंगे। आयोजकों ने कुछ नियम बनाए हैं। शोभायात्रा में नशे का सेवन और हुड़दंग पूरी तरह वर्जित है। सभी लोग पैदल चलेंगे। किसी की भावनाएं आहत करने वाले गानों पर प्रतिबंध रहेगा।
पड़रिया तुला कस्बे में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह भगवा ध्वज लगाए हैं। मॉर्निंग क्रिकेट टीम चौसन्दे बाबा स्थान पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और भंडारे की व्यवस्था कर रही है। आयोजक मंडल के प्रमुख समाजसेवी सोनू शुक्ल ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।