फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने खेत से लौट रही महिला को मारी टक्कर, लखनऊ ले जाते वक्त मौत। सुंदरवल चौकी क्षेत्र में हादसों का सिलसिला जारी।
हाईवे क्रॉस कर रही महिला को रफ्तार ने निगला, लखनऊ ले जाते वक्त तोड़ा दम
नागेंद्र प्रताप शुक्ला
खीरी, फूलबेहड़।लखीमपुर-पलिया हाईवे एक बार फिर रफ्तार का कब्रगाह बन गया। शुक्रवार शाम उस वक्त मातम पसर गया जब खेत से घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार बाइक ने चौराहे पर ही उड़ा दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के सुंदरवल चौकी अंतर्गत दाउदपुर गांव में हुआ। मृतका की पहचान 45 वर्षीय रामश्री पत्नी राजेंद्र के रूप में हुई है। वह शाम करीब 7 बजे खेत से लौट रही थीं और दाउदपुर चौराहे पर हाईवे पार कर रही थीं। उसी वक्त एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
गंभीर हालत में किया गया लखनऊ रेफर
परिजन आनन-फानन में रामश्री को लखीमपुर जिला अस्पताल लेकर भागे। वहां उनकी हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही रामश्री ने दम तोड़ दिया।
हादसे से गांव में पसरा मातम
रामश्री की मौत की खबर मिलते ही दाउदपुर गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
क्या कहती है पुलिस?
फूलबेहड़ थानाध्यक्ष आलोक धीमान ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक से टक्कर में महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।