गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार। गौ तस्करी और लड़की भगाने के गंभीर मामलों में भेजा गया न्यायालय।
गोंडा: नवाबगंज पुलिस ने गोकशी और लड़की भगाने के आरोपियों को दबोचा, भेजा न्यायालय
पंश्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
गोंडा, थाना नवाबगंज क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को धर दबोचा है। गोकशी और पशु क्रूरता जैसे गंभीर अपराध में लिप्त युवक के साथ-साथ एक लड़की भगाने के आरोपी को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी अभय सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी साझा की।
गौ तस्करी के आरोपी को गांव से किया गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के विश्वनोहरपुर गांव निवासी कल्लू सिंह पुत्र रामनेवाज सिंह को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से गोवंश तस्करी में संलिप्त था। छानबीन के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।
लड़की भगाने के मामले में भी कार्रवाई
वहीं, कनकपुर गांव के पास लड़की भगाने के आरोप में चाईटोला, नगरपालिका नवाबगंज निवासी आसिफ पुत्र मुन्ना डफाली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद आरोपी को चिन्हित कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।
कार्रवाई में शामिल रही यह पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष अभय सिंह, उप निरीक्षक विभव सिंह, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र नाथ यादव, सुनील यादव, कांस्टेबल रामवीर यादव, महिला कांस्टेबल प्रांशी यादव, अर्चना सिंह।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।